“सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग” के अध्यक्ष सुभाष परतें ने राज्यपाल से मुलाकात कर संवैधानिक मांगों पर रखी अपनी बात
रायपुर / बिलासपुर //(शिखर दर्शन) // सर्व आदिवासी समाज के युवा प्रभाग के अध्यक्ष सुभाष परतें ने आज राजभवन रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की और समाज की 23 सूत्रीय संवैधानिक मांगों को लेकर अपनी बात रखी। इस अवसर पर सुभाष परतें ने बताया कि समाज की मांगों को लेकर कई वर्षों से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया कि आदिवासी समाज की संवैधानिक और सामाजिक जरूरतों को देखते हुए ठोस कदम उठाए जाएं।
राज्यपाल रमेन डेका ने आदिवासी समाज की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि समाज के हित में संवेदनशीलता और समझ के साथ काम किया जाएगा। राज्यपाल ने समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और उनकी जरूरतों के प्रति गंभीरता से विचार करने की बात कही।
सुभाष परतें ने राज्यपाल से हुई चर्चा को समाज के लिए सकारात्मक बताया और कहा कि राज्यपाल जी पांचवीं अनुसूची क्षेत्र के प्रमुख संरक्षक होते हुए आदिवासी समाज के विकास के लिए अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यपाल जी के पास आदिवासी समाज के लिए कई संवैधानिक अधिकार हैं, जिनका इस्तेमाल समाज की भलाई के लिए किया जा सकता है।
इस मुलाकात में आदिवासी समाज ने अनुसूचित क्षेत्रों में हो रहे अवैध अतिक्रमण, जल, जंगल, जमीन की अवैध कटाई और शासन की नक्सली वार्ता में शांति की पहल के लिए प्रमुख आदिवासी नेताओं को भी शामिल करने की मांग उठाई। राज्यपाल ने इस पर सहमति जताई और इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
