दिनदहाड़े धान व्यापारी से 20 लाख की लूट, पुलिस अलर्ट, इलाके में नाकेबंदी कर तलाश जारी
धमतरी (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के धमतरी में बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। राजनांदगांव से धमतरी लौट रहे धान व्यापारी पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर 20 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, व्यापारी राजनांदगांव से कलेक्शन की रकम लेकर धमतरी लौट रहा था। जैसे ही वह अर्जुनी थाना क्षेत्र के पोटिया डीही गांव के पास पहुंचा, तभी तीन बदमाशों ने उसकी कार को घेर लिया और हमला कर दिया। बदमाशों ने कार में तोड़फोड़ की और बैग में रखे 20 लाख रुपये लूटकर दुर्ग रोड की ओर भाग निकले।
व्यापारी ने तत्काल अर्जुनी थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
