रायपुर संभाग

प्रेम प्रसंग में नाबालिग की हत्या: गर्लफ्रेंड की दूसरे से बातचीत पर भड़का बॉयफ्रेंड, चाकू से गोदकर मार डाला

दोस्तों संग मिलकर उतारा मौत के घाट

आरंग (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के आरंग से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेमिका की दूसरे युवक से बातचीत पर भड़के प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर नाबालिग की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

नरकंकाल की जांच से हुआ सनसनीखेज खुलासा

मामले का खुलासा तब हुआ जब आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमखूंटा में एक नरकंकाल मिला। जांच में पुष्टि हुई कि यह 15 वर्षीय नाबालिग धनेंद्र साहू का है, जो 19 फरवरी को लखौली बस स्टैंड से लापता हुआ था।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

CSP लंबोदर पटेल ने बताया कि मृतक धनेंद्र साहू ग्राम रीवा में जेसीबी मशीन में हेल्पर का काम करता था, जहां उसकी जान-पहचान आरोपी युवती टेमिन ध्रुव से हुई। दोनों के बीच बातचीत होती थी, लेकिन इसकी जानकारी टेमिन के प्रेमी चंदन उर्फ सागर सिन्हा को नहीं थी। जब उसे इस बारे में पता चला तो वह गुस्से से आगबबूला हो गया और नाबालिग को रास्ते से हटाने की साजिश रच ली।

प्रेमिका के जरिए बुलाकर की बेरहमी से हत्या

योजना के तहत आरोपी चंदन ने टेमिन से कई बार नाबालिग को फोन करवाया और बहाने से मिलने बुलाया। जब धनेंद्र मिलने पहुंचा तो चंदन ने अपने दो दोस्तों राहुल ध्रुव और कुलेश्वर ध्रुव के साथ मिलकर उसे मोटरसाइकिल से कोसमखूंटा खार ले गया। वहां तीनों ने मिलकर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और उसकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया।

चार आरोपी गिरफ्तार

मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी चंदन उर्फ सागर सिन्हा, प्रेमिका टेमिन ध्रुव और दोनों साथियों राहुल व कुलेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!