भस्म आरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, बाबा श्री महाकाल का दिव्य श्रृंगार कर हुआ विशेष अभिषेक

विशेष संवाददाता छमू गुरु की रिपोर्ट:
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में फाल्गुन माह की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि (बुधवार) को भोर में 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया, इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक कर विशेष पूजन किया गया।
इस अवसर पर बाबा महाकाल का अलौकिक श्रृंगार किया गया। उन्हें भस्म चढ़ाई गई और शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला, सुगंधित पुष्पों की माला और मोर पंख धारण कराया गया। महाकाल को विशेष रूप से फलों और मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया।
भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भक्तों ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं और बाबा महाकाल की जय-जयकार से पूरा मंदिर परिसर गूंजायमान हो उठा। अलौकिक भक्ति भाव के इस दृश्य ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
