Blog

तीसरा बच्चा पैदा करो और इनाम पाओ: लड़का होने पर गाय और लड़की पर 50,000 रुपये मिलेंगे, TDP सांसद ने किया अनोखा ऐलान

विजयनगरम (शिखर दर्शन) // आंध्र प्रदेश के विजयनगरम से तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) सांसद कालीसेट्टी अप्पाला नायडू ने एक अनोखी घोषणा की है, जिसमें उन्होंने तीसरा बच्चा पैदा करने वाली महिलाओं को इनाम देने की पेशकश की है। उनके अनुसार, यदि किसी महिला को बेटी होती है तो उसे 50,000 रुपये दिए जाएंगे, और यदि बेटा होता है तो इनाम के रूप में एक गाय दी जाएगी। यह राशि वह अपने वेतन से देंगे।

यह घोषणा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विजयनगरम के राजीव स्पोर्ट्स कंपाउंड में आयोजित एक कार्यक्रम में की गई, जहां उन्होंने यह योजना पेश की। सांसद का यह ऐलान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर व्यापक चर्चा हो रही है।

चंद्रबाबू नायडू के ऐलान के बाद लिया फैसला

गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने महिला कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि सभी महिला कर्मचारियों को प्रसव की संख्या की परवाह किए बिना मातृत्व अवकाश (मेटरनिटी लीव) मिलेगी। पहले यह सुविधा केवल दो बच्चों तक सीमित थी, लेकिन अब सभी प्रसवों के लिए इसे लागू किया गया है। मुख्यमंत्री ने यह संदेश भी दिया कि महिलाओं को अधिक से अधिक बच्चे पैदा करने चाहिए।

सीएम की इस घोषणा के बाद सांसद कालीसेट्टी अप्पाला नायडू ने तीसरे बच्चे को जन्म देने वाली महिलाओं को आर्थिक प्रोत्साहन देने की योजना बनाई।

घोषणा पर उठ रहे सवाल

सांसद की इस घोषणा को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे बढ़ती जनसंख्या के मद्देनजर अव्यवहारिक मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे परिवारों को आर्थिक सहायता देने वाला कदम बता रहे हैं। हालांकि, इस घोषणा ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है।

अब देखना होगा कि सांसद की यह पहल किस हद तक सफल होती है और इसे लेकर सरकार या अन्य राजनीतिक दलों की क्या प्रतिक्रिया आती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button