खेल

International Masters League 2025: रायपुर में क्रिकेट महाकुंभ, 8 मार्च को भिड़ेंगी सचिन और लारा की टीमें, जानें टिकट कीमत

रायपुर (शिखर दर्शन) // इंटरनेशनल मास्टर्स लीग (International Masters League) 2025 का रोमांच छा गया है। इस प्रतिष्ठित लीग में छह देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें भारत और वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं। क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी खुशी की बात यह है कि इस लीग के 12वें मुकाबले में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा आमने-सामने होंगे। यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 8 मार्च को खेला जाएगा।

क्रिकेट दिग्गजों की वापसी, मैदान पर दिखेगा रोमांच

इस लीग में भारतीय टीम से युवराज सिंह, इरफान पठान, यूसुफ पठान और अन्य दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम में ब्रायन लारा के साथ कई अनुभवी क्रिकेटर मैदान में उतरेंगे। इस लीग में रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, क्योंकि यहां कुल छह मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें दो सेमीफाइनल और फाइनल भी शामिल हैं।

मैचों की तारीखें और खिलाड़ियों का आगमन

लीग में अब तक भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है, जिससे फाइनल में पहुंचने की संभावना प्रबल हो गई है। फाइनल मुकाबला भी रायपुर में ही खेला जाएगा, जिससे स्थानीय दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। खिलाड़ियों के रायपुर पहुंचने की तारीख 7 मार्च तय की गई है, जिसके बाद वे अभ्यास करेंगे। मैच रात 7:30 बजे से शुरू होगा

टिकट की कीमतें और बुकिंग की जानकारी

मैचों को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है और पहले ही दिन बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों ने टिकट खरीदना शुरू कर दिया। स्टेडियम में बैठने की विभिन्न श्रेणियों के अनुसार टिकट की कीमतें इस प्रकार हैं:

  • सामान्य टिकट – ₹500 (विशेष ब्लॉक में उपलब्ध)
  • लोअर स्टैंड – ₹1,000
  • गोल्ड टिकट – ₹6,000
  • प्लेटिनम टिकट – ₹8,000
  • कॉर्पोरेट बॉक्स – ₹10,000

विशेष रूप से भारत बनाम वेस्टइंडीज के मुकाबले की टिकटें महंगी रखी गई हैं, जबकि अन्य लीग मैचों के टिकट ₹100 से शुरू हो रहे हैं, जो कि दर्शकों के लिए किफायती हैं।

मुंबई, लखनऊ और रायपुर को मिली मेजबानी

इस लीग के मैच मुंबई, लखनऊ और रायपुर के स्टेडियमों में खेले जा रहे हैं। हालांकि, फाइनल मुकाबले की मेजबानी रायपुर को मिली है, जिससे छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह बेहद खास अवसर बन गया है।

क्रिकेट प्रेमियों के लिए सुनहरा मौका

इंटरनेशनल मास्टर्स लीग 2025 क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक शानदार अनुभव लेकर आ रही है। दिग्गज क्रिकेटरों को एक बार फिर से खेलते देखने का अवसर किसी उत्सव से कम नहीं होगा। जो दर्शक लाइव मुकाबला देखने के इच्छुक हैं, वे जल्द से जल्द अपनी टिकट बुक कर सकते हैं, क्योंकि भारी मांग के कारण टिकटें तेजी से बिक रही हैं।

🏏 8 मार्च को रायपुर के क्रिकेट प्रेमी तैयार रहें, क्योंकि सचिन और लारा की टीमें जब आमने-सामने होंगी, तो क्रिकेट का रोमांच चरम पर होगा !

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!