कुबरेश्वर धाम में तीन दिनों में तीन श्रद्धालुओं की मौत: पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में उमड़ी भीड़, MP, गुजरात और UP के भक्तों ने तोड़ा दम

कुबरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की मौत का सिलसिला जारी, तीन दिनों में तीसरी घटना
सीहोर (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के सीहोर जिले स्थित कुबरेश्वर धाम में सोमवार को कथा के दौरान एक और श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतका गुजरात की रहने वाली थी और अचेत अवस्था में मिली थी। तीन दिनों में यह तीसरी घटना है, इससे पहले मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के दो श्रद्धालु भी दम तोड़ चुके हैं। आज कथा का अंतिम दिन होने के कारण भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
गुजरात की महिला अचेत मिली, अस्पताल में हुई मौत

सोमवार सुबह गुजरात निवासी 55 वर्षीय मंजू अचेत अवस्था में मिली। तुरंत जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रशासन को महिला के किसी परिजन या परिचित का पता नहीं चल पाया है। सुबह 6 बजे अस्पताल प्रबंधन ने इस घटना की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी।
तीन दिन में तीन श्रद्धालुओं की मौत
शनिवार और रविवार को भी दो श्रद्धालुओं की जान जा चुकी है। शनिवार को जबलपुर निवासी 25 वर्षीय गोलू कोष्टा कथा के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। वहीं, शुक्रवार देर रात कानपुर निवासी वीरेंद्र की भी मौत हो गई थी। वे अपने परिवार और वाहन चालक के साथ शिवपुराण कथा सुनने आए थे और ग्राम गुड़भेला में ठहरे थे। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रशासन की तैयारियों पर सवाल
जिला प्रशासन ने आयोजन स्थल पर चिकित्सा और एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था का दावा किया था। कलेक्टर ने सीएमएचओ को चिकित्सा सेवाओं की सतत निगरानी, मिनी आईसीयू की स्थापना और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। लेकिन तीन दिनों में हुई इन घटनाओं ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

