रायपुर संभाग

मांदागिरी जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, नक्सली कैंप ध्वस्त , दो-तीन नक्सलियों के घायल होने का दावा, सर्च ऑपरेशन जारी….

धमतरी (शिखर दर्शन) // जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मांदागिरी के जंगल में सोमवार को पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से चली गोलीबारी में धमतरी पुलिस और डीआरजी के जवानों ने नक्सली कैंप ध्वस्त कर दिया। मुठभेड़ में दो से तीन नक्सलियों को गोली लगने की संभावना जताई जा रही है। इस घटना की पुष्टि धमतरी एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांदागिरी के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी की 25-30 जवानों की टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी। सर्चिंग के दौरान घने जंगल और पहाड़ी इलाके में नक्सलियों से सामना हो गया, जिसके बाद माओवादियों ने स्वचालित हथियारों से पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में डीआरजी टीम ने पेड़ों की आड़ लेकर फायरिंग की। दोनों ओर से लगभग आधे घंटे तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके पर नक्सलियों के कैंप को ध्वस्त कर दिया और इलाके में सघन सर्चिंग अभियान जारी है। पुलिस को अंदेशा है कि इस मुठभेड़ में नक्सली हताहत हुए हैं, हालांकि, जंगल के घने होने के कारण उनकी सही स्थिति का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!