छत्तीसगढ़ बजट कल होगा पेश: वित्त मंत्री ओपी चौधरी बोले—प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा, PCC चीफ के बयान पर दिया जवाब
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में सोमवार, 3 मार्च को राज्य का मुख्य बजट पेश किया जाएगा। बजट से पहले रविवार को वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता की, जिसमें उन्होंने इसे प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का यह दूसरा बजट छत्तीसगढ़ के समग्र विकास को गति देगा और इस बार बजट का आकार भी पहले की तुलना में बड़ा होगा।
PCC चीफ के ‘बर्बादी का बजट’ वाले बयान पर पलटवार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा बजट को “बर्बादी का बजट” कहे जाने पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा,
“बजट आने से पहले ही विपक्ष बेवजह आलोचना कर रहा है। कांग्रेस की सोच हमेशा नकारात्मक रही है, जबकि हमारी सरकार विकास पर ध्यान दे रही है।”
वित्त मंत्री ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ के गठन के समय बजट केवल 5000 करोड़ रुपये का था, जो अब कई गुना बढ़ चुका है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि इस बार भी बजट का आकार बढ़ेगा और यह प्रदेश को “विकसित छत्तीसगढ़” की दिशा में आगे ले जाने वाला होगा।
मोदी और साय सरकार की नीतियों का जिक्र
ओपी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विश्णुदेव साय की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम मोदी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और मुख्यमंत्री साय उसी मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वर्ष छत्तीसगढ़ के गठन के 25 साल पूरे होने और अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी वर्ष के रूप में विशेष है, इसलिए यह बजट भी विशेष होगा।
उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि—
✅ किसानों को बोनस दिया गया
✅ 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी गई
✅ कई अन्य जनहितकारी योजनाएं सफलतापूर्वक लागू की गईं
वित्त मंत्री ने कहा कि यह बजट पिछले बजट का अगला चरण होगा और “विकसित भारत” के निर्माण की दिशा में एक और ठोस कदम साबित होगा।



