बजट से पहले आज सीएम साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक, कई अहम फैसलों की संभावना

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज दोपहर 3 बजे से नया रायपुर स्थित महानदी मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक आयोजित होगी। यह बैठक 3 मार्च को पेश होने वाले बजट से ठीक पहले हो रही है, जिससे इसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
सीएम साय का आज का दौरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री साय आज नगर पालिका शपथ ग्रहण समारोह और कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे। वह सुबह 9:45 बजे रायपुर से अंबिकापुर के लिए रवाना होंगे, जहां नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे रायपुर लौटकर कैबिनेट बैठक में शामिल होंगे और फिर शाम 5:30 बजे अपने निवास लौट आएंगे।
भारतीय पेंशनर्स मंच का राज्य स्तरीय अधिवेशन आज
भारतीय पेंशनर्स मंच का पहला राज्य स्तरीय अधिवेशन आज 2 मार्च को चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल में आयोजित होगा। मंच के सलाहकार पी.के. लहरे और समन्वयक संजय किरवई ने बताया कि मुख्य अतिथि महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले होंगे, जबकि अध्यक्षता भारतीय पेंशनर्स मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष वी.एस. यादव करेंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय मंत्री सतीश चंद राय और भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेन्द्र नामदेव विशेष अतिथि होंगे।
दिव्यांग टैलेंट और फैशन शो ‘दिव्य हीरोज 2025’ आज
जेसीआई रायपुर संगवारी की ओर से आज 2 मार्च को महाराजा अग्रसेन कॉलेज, समता कॉलोनी में दिव्यांगों के टैलेंट और फैशन शो ‘दिव्य हीरोज 2025’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम ‘हम किसी से कम नहीं’ थीम पर दोपहर 3 बजे से शुरू होगा।
लायंस रीजन कांफ्रेंस का आयोजन आज
लायंस क्लब सीनियर द्वारा लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233-सी की रीजन कॉन्फ्रेंस आज होटल ग्रैंड नीलम में आयोजित की जाएगी। मुख्य अतिथि के रूप में वाइस ट्रिक्ट गवर्नर प्रथम लायन विजय अग्रवाल और लायन रिपुदमन पुसरी विडीजी-द्वितीय उपस्थित रहेंगे। इस कॉन्फ्रेंस में 12 क्लबों के सदस्य शामिल होंगे, जिन्हें उनके सेवा कार्यों के लिए रीजन चेयरमैन लायन संतोष गुप्ता द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
