राज्यपाल रमेन डेका को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका का आज जन्मदिन है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके मार्गदर्शन में हमारी सरकार संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए प्रदेश के लोगों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मां कामाख्या से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की कामना करता हूं।”

राज्यपाल रमेन डेका: राजनीतिक यात्रा और योगदान
छत्तीसगढ़ के 10वें राज्यपाल रमेन डेका का जन्म 1 मार्च 1954 को असम के सुआलकुची, कामरूप में हुआ था। उनके पिता का नाम स्वर्गीय सुरेंद्र नाथ डेका और माता का नाम स्वर्गीय चंपाबती डेका है। उनके परिवार में उनकी धर्मपत्नी रानी डेका काकोटी और दो संतान हैं।
रमेन डेका ने गुवाहाटी विश्वविद्यालय, असम के प्राग्ज्योतिष कॉलेज से दर्शनशास्त्र और अर्थशास्त्र में बीए की डिग्री प्राप्त की। 1977 से राजनीति में सक्रिय डेका 1980 में भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक रहे हैं। वे 2006 में असम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे।
वे दो बार सांसद चुने गए, पहली बार 2009 में 15वीं लोकसभा के लिए असम के मंगलदोई संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित हुए। अगस्त 2021 से जुलाई 2024 तक वे असम राज्य के नवाचार एवं रूपांतरण आयोग के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री स्तर) रहे। उनके दीर्घकालिक अनुभव और नेतृत्व ने उन्हें एक प्रभावशाली राजनेता के रूप में स्थापित किया है।
