बजट सत्र में हंगामा: पीसीसी चीफ दीपक बैज की रेकी पर बवाल, विपक्षी विधायक निलंबित

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन पीसीसी चीफ दीपक बैज के सरकारी आवास की रेकी और जासूसी के आरोपों को लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ। विपक्षी सदस्यों ने गर्भगृह में उतरकर जोरदार नारेबाजी की, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें निलंबित कर दिया। हालांकि, कुछ देर बाद निलंबन वापस ले लिया गया।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि बीते दो रातों से दंतेवाड़ा पुलिस की CG 17 नंबर की गाड़ी उनके रायपुर स्थित सरकारी आवास के आसपास संदिग्ध रूप से घूम रही थी। उन्होंने स्वयं पैदल जाकर इस पर संदेह जताया और स्थानीय गंज थाना प्रभारी से जानकारी ली, लेकिन उन्हें भी इसकी कोई सूचना नहीं थी। बैज ने बताया कि जब उन्होंने दंतेवाड़ा के एडिशनल एसपी से बात की, तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बिना किसी आधिकारिक दस्तावेज के वहां पहुंचे थे।
बैज ने इसे गंभीर साजिश बताते हुए कहा कि पूरी पुलिस प्रशासन सरकार के इशारे पर एक एजेंट की तरह काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव में धांधली कर रही है और उनके मिलने वालों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पीसीसी अध्यक्ष के साथ ऐसा हो सकता है, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा? उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस घटना ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है और विपक्ष सरकार पर प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप लगा रहा है।
