CG निकाय चुनाव 2025: रायपुर, जांजगीर, कोरबा और रायगढ़ कलेक्टर ने डाला वोट, मतदाताओं से भागीदारी की अपील

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए आज मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मतदान केंद्रों में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोकतंत्र के इस महापर्व में नागरिकों का उत्साह चरम पर है।
राज्य के विभिन्न जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मतदान कर जनता को जागरूक करने का संदेश दिया। रायपुर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार सिंह ने अपनी पत्नी के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया और लोगों से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।
इसी क्रम में कोरबा कलेक्टर आकाश छिकारा ने भी अपनी धर्मपत्नी के साथ मतदान किया। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए अपने अधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया।
वहीं, एसपी विवेक शुक्ला और कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने भी अपने मताधिकार का उपयोग किया। कलेक्टर गोयल ने शांतिपूर्ण मतदान की अपील करते हुए बताया कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि निर्भीक और निष्पक्ष चुनाव संपन्न हो सके। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है।



