बीजेपी की बैठक शुरू, ओबीसी आरक्षण पर कांग्रेस के आरोपों का विधायक धरम लाल कौशिक ने किया खंडन

नगरीय निकाय चुनाव: बीजेपी की बैठक में ओबीसी आरक्षण पर कांग्रेस के आरोपों का धरम लाल कौशिक ने किया खंडन, कहा- कांग्रेस का हर आरोप भ्रम फैलाने वाला
रायपुर (शिखर दर्शन) // नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मुख्यालय में आज सुबह से मैराथन बैठक का सिलसिला शुरू हो गया है। इस बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में चुनावी तैयारियों पर चर्चा हो रही है।
बैठक के दौरान बीजेपी के वरिष्ठ विधायक धरम लाल कौशिक ने मीडिया से बातचीत करते हुए ओबीसी आरक्षण को लेकर कांग्रेस के आरोपों का कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के आरोप केवल नौटंकी हैं। यह कोई बीजेपी का निर्णय नहीं है, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के गाइडलाइन के हिसाब से चुनाव हो रहे हैं। ओबीसी वर्ग को पर्याप्त टिकट दिया जाएगा और कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही है।”
कौशिक ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा चुनाव आयोग को भेजे गए पत्र पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “जहां सरकार आती है, वहां सभी बातों को भूल जाते हैं। हार के बाद कांग्रेस को क्या कहना है, इसका खाका भूपेश बघेल तैयार कर रहे हैं। नगरीय निकाय चुनाव में भी कांग्रेस की हार तय है और उनके सारे मोहरे पिटने वाले हैं।”
बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए बने समितियों के साथ वन टू वन चर्चा की और कुछ नामों की घोषणा जल्दी होने की संभावना जताई। महापौर के नाम की घोषणा अगले दिन की जाएगी।
