मध्यप्रदेश

सेप्टिक टैंक में चार शव मिलने का मामला: सामूहिक हत्याकांड का खुलासा, गोली मारकर हत्या की गई, घटनास्थल पर पेशेवर तरीके से नष्ट किए गए सबूत

सिंगरौली (शिखर दर्शन) // 4 जनवरी को मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में सेप्टिक टैंक में चार शव मिलने की घटना ने पूरे क्षेत्र को सन्न कर दिया था। यह मामला सामूहिक हत्याकांड का रूप ले चुका है, और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के मुताबिक, चारों व्यक्तियों की हत्या गोली मारकर की गई थी, और घटनास्थल को पेशेवर तरीके से साफ किया गया था।

यह घटना शनिवार देर शाम बरगवां थाना क्षेत्र के हिंडालको गेट नंबर 3 के पास एक मकान के सेप्टिक टैंक से चार शव मिलने के बाद सामने आई। पुलिस को मामले की सूचना मिलने के बाद जिले के कलेक्टर, एसपी, स्थानीय विधायक और विपक्षी नेता घटनास्थल पर पहुंचे, और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई।

सुराग के तौर पर शवों के पास झारखंड राज्य के पासिंग कार की चाबी और जूते-चप्पल भी मिले हैं। इसके अलावा, पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इन शवों की पहचान में तीन व्यक्तियों की शिनाख्त हो गई है।

मामले में नया मोड़ तब आया जब शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि चारों की हत्या गोली मारकर की गई थी। इसके साथ ही घटनास्थल को पेशेवर तरीके से साफ किया गया, जिससे किसी प्रकार के अन्य सुराग न मिले। शवों का सीटी स्कैन भी कराया जाएगा।

पुलिस सूत्रों की मानें तो चारों व्यक्तियों की हत्या पैसे के लेन-देन से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह कहा जा रहा है कि चारों के बीच एक बड़ी रकम को लेकर बातचीत चल रही थी, और इसी विवाद के कारण उन्हें गोली मारी गई।

पुलिस की जांच जारी है और संभावना है कि रीवा रेंज के डीआईजी साकेत पांडे इस मामले का खुलासा जल्द ही कर सकते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!