मध्य प्रदेश में फिर बढ़ेगी ठंड, मौसम में बदलाव से हवाओं का रुख बदला, ऑरेंज अलर्ट जारी

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान कड़ाके की ठंड का कहर देखने को मिलेगा। मौसम में आए बदलाव के कारण हवाओं का रुख बदल गया है और कई जिलों में बादल भी छा गए हैं। प्रदेश के 17 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया है। इस बीच, मौसम विभाग ने ग्वालियर-रीवा संभाग के शहरों में घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 48 घंटे में प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवाओं का रुख उत्तर दिशा की ओर हो गया है, जिससे 7 जनवरी से न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। रविवार रात को प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 7 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
ग्वालियर, चंबल और रीवा संभाग के जिलों में घना कोहरा छाया रहा, वहीं सिंगरौली, सीधी, सतना, रीवा, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, मऊगंज और पन्ना में मध्यम से घना कोहरा देखा गया। इसके अलावा, छतरपुर, मैहर और श्योपुरकलां में हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिला।
मंडला में शीतलहर का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा गया, जहां रात का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रदेश के अन्य ठंडे शहरों में कल्याणपुर (शहडोल) में 4.4 डिग्री, पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 4.6 डिग्री, मलाजखंड (बालाघाट) में 6.3 डिग्री और उमरिया में 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेशवासियों को ठंड से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है, और आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।
