16 जिलों में मूसलाधार बारिश का खतरा, ऑरेंज अलर्ट जारी; तीन दिन तक नहीं थमेगा मानसून

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में अति भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के पीछे एक साथ सक्रिय तीन मौसम प्रणालियों को प्रमुख वजह बताया गया है। मानसून ट्रफ, चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने सिवनी और बालाघाट में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इन दोनों जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान कई घंटों तक लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इन 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, जबलपुर, बालाघाट, मंडला, कटनी, उमरिया, छिंदवाड़ा, सिवनी, डिंडोरी, सागर, दमोह और रायसेन में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने दतिया, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सागर, दमोह, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा और अशोकनगर समेत कई जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडोरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में भी हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है।
अगले तीन दिन सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक मध्यप्रदेश में बारिश का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है।
प्रदेश में अब भी सामान्य से कम बारिश
बारिश के इस दौर के बावजूद मध्यप्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 11 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। 1 जून से 22 अगस्त तक पूर्वी मध्यप्रदेश में सामान्य से 10 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से वर्षा की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है।



