विधानसभा परिसर में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल हुए सभी विधायक

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान मंगलवार को विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित सभी विधायकों ने अपनी-अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया।
रुद्राक्ष का पौधा लगाकर दिया संरक्षण का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विशेष सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री बोले- यह केवल पौधारोपण नहीं, मां के प्रति सम्मान का अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब जनआंदोलन बन चुका है। यह केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि मां के प्रति कृतज्ञता, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि मां के नाम पर लगाया गया पौधा व्यक्ति को उसके संरक्षण के लिए भावनात्मक रूप से भी प्रेरित करता है।

जलवायु परिवर्तन से निपटने में वृक्षारोपण सबसे प्रभावी माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, अनियमित वर्षा और जैव विविधता के क्षरण जैसी चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि राज्य सरकार वन संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
जनभागीदारी से हरित छत्तीसगढ़ बनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचेगा तथा प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देगा। कार्यक्रम में विधानसभा के सभी सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



