डॉ. ममता साहू ने संभाली राज्य महिला आयोग की कमान, महिलाओं को त्वरित न्याय और सशक्तिकरण होगा सर्वोच्च लक्ष्य

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग को नई अध्यक्ष मिल गई हैं। राज्य शासन द्वारा नियुक्त डॉ. ममता साहू ने मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित राज्य महिला आयोग कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, शिकायतों के त्वरित निराकरण और महिला सशक्तिकरण को आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
पदभार ग्रहण कर अधिकारियों से किया संवाद
पदभार संभालने के बाद डॉ. ममता साहू ने आयोग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा कार्यालय की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए आयोग की कार्यक्षमता को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
महिलाओं को समयबद्ध न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता
डॉ. ममता साहू ने कहा कि राज्य महिला आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने, उनकी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने तथा उनके सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि आयोग महिलाओं से जुड़े प्रत्येक मामले में सक्रिय भूमिका निभाएगा और उन्हें सामाजिक, आर्थिक एवं कानूनी रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर रहेगा जोर
उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं, बल्कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, न्याय तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करना तथा समाज में सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण तैयार करने की दिशा में प्रभावी पहल करना भी है।
टीम भावना और पारदर्शिता पर दिया बल
डॉ. ममता साहू ने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निराकरण किया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिल सके।
ये रहे उपस्थित
- छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत
- राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया
- नगर निगम रायपुर के पार्षद महेश ध्रुव
- दुर्गेश राव
- श्रीमती रजनी शेंगडे
- जितेन्द्र साहू
- कृष्णा साहू
- श्रीमती सीमा डहरिया
- गीतेश साहू
- राज्य महिला आयोग के सचिव, सहायक संचालक, लेखाधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी
नई अध्यक्ष के रूप में डॉ. ममता साहू की नियुक्ति को राज्य में महिला अधिकारों की सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निराकरण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उनसे अपेक्षा है कि उनके नेतृत्व में राज्य महिला आयोग महिलाओं से जुड़े मामलों में अधिक संवेदनशील, प्रभावी और जवाबदेह भूमिका निभाएगा।



