मध्यप्रदेश

सिवनी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की बड़ी सौगात

प्रदेश स्तरीय किसान सम्मेलन में 629 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को वितरित की प्रोत्साहन राशि

सिवनी (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सिवनी जिले के दौरे के दौरान प्रदेश स्तरीय किसान सम्मेलन एवं धान महोत्सव में भाग लेते हुए जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के खातों में प्रोत्साहन राशि का वितरण किया तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

629 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने लगभग 494.16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित 629 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास, सिंचाई, सड़क, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

हितग्राहियों को मिली जनकल्याण योजनाओं की राशि

कार्यक्रम के दौरान जनकल्याण योजनाओं के अंतर्गत 16,754 हितग्राहियों के बैंक खातों में 365 करोड़ रुपये की अनुग्रह सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से अंतरित की गई। मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को मिला बोनस

मुख्यमंत्री ने 3,941 कोदो एवं कुटकी उत्पादक किसानों के खातों में 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की। किसानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

मोटे अनाज को मिली नई पहचान : मुख्यमंत्री

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि एक समय ऐसा था जब कोदो-कुटकी जैसे मोटे अनाज का सेवन करने वालों का मजाक उड़ाया जाता था और इसे गरीबों का भोजन कहा जाता था। लेकिन केंद्र और प्रदेश सरकार के प्रयासों से आज श्रीअन्न को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि मोटे अनाज पौष्टिक होने के साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने तथा कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों के साथ पारंपरिक फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार हर स्तर पर किसानों के साथ खड़ी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!