आज से लागू होगी ‘VB-G RAM G’ योजना, बिजली की नई दरें प्रभावी, सीएम साय रहेंगे शासकीय कार्यों में व्यस्त

मुख्यमंत्री मंत्रालय में करेंगे विभागीय कार्यों की समीक्षा, प्रदेशभर में शाला प्रवेशोत्सव और रोजगार व विकास योजनाओं की शुरुआत
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश में मंगलवार, 1 जुलाई से कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक गतिविधियों की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर में दिनभर शासकीय कार्यों में व्यस्त रहेंगे। वहीं ग्रामीण रोजगार के लिए ‘विकसित भारत-जी राम जी (VB-G RAM G)’ योजना लागू होगी। इसके साथ ही प्रदेश में बिजली की नई दरें भी आज से प्रभावी हो गई हैं। शिक्षा, प्रशासन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े कई कार्यक्रम भी प्रदेशभर में आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री साय मंत्रालय में करेंगे शासकीय कार्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से मंत्रालय के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक विभिन्न विभागों के शासकीय कार्यों की समीक्षा और प्रशासनिक बैठकों में शामिल होंगे। इसके बाद शाम को मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
आज से लागू होगी ‘VB-G RAM G’ योजना
प्रदेश सरकार आज से ‘विकसित भारत-जी राम जी (VB-G RAM G)’ योजना लागू कर रही है। योजना के तहत ग्रामीण गरीब परिवारों को वर्ष में 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना की प्रमुख बातें—
- ग्रामीण गरीब परिवारों को 125 दिनों की रोजगार गारंटी।
- वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 4 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान।
- प्रदेशभर की ग्राम पंचायतों में होगा शुभारंभ।
- जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना एवं आजीविका संवर्धन को प्राथमिकता।
- कुल 318 प्रकार के विकास कार्य योजना में शामिल।
बिजली की नई दरें आज से प्रभावी
प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को आज से बढ़ी हुई दरों पर बिजली बिल का भुगतान करना होगा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा घोषित नई दरों के अनुसार उपभोक्ताओं पर प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे तक अतिरिक्त भार पड़ेगा।
उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा आज सुबह 11 बजे मंत्रालय में विभागीय समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में भर्ती, पदोन्नति, लंबित प्रकरण, प्रशासनिक कार्यों की प्रगति, अनुसंधान, गुणवत्ता सुधार तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।
बिलासपुर में शाला प्रवेशोत्सव
बिलासपुर में नवीन शैक्षणिक सत्र के अवसर पर जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन सेजेस लाल बहादुर शास्त्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में होगा।
कार्यक्रम में शामिल होंगे—
- केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू (मुख्य अतिथि)
- उप मुख्यमंत्री अरुण साव (अध्यक्षता)
- विधायक अमर अग्रवाल
- धरमलाल कौशिक
- धर्मजीत सिंह
- सुशांत शुक्ला
- अटल श्रीवास्तव
- दिलीप लहरिया
- महापौर पूजा विधानी
- जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी
- जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता संतोष कश्यप
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
- प्रवचन सभा
- संतश्री मणिभद्र महाराज एवं मुनिवृंद
- स्थान : न्यू पंचशील नगर, सिविल लाइन
- समय : सुबह 8:30 से 9:30 बजे
- निर्धन छात्राओं के लिए कोचिंग
- आयोजक : शिवानी स्मृति सेवा संस्थान
- स्थान : वीर छत्रपति शिवाजी स्कूल, पुरानी बस्ती
- समय : दोपहर 3 से शाम 5 बजे
- मेगा रक्तदान शिविर
- आयोजक : रोटरी क्विन्स एवं रोटरी रॉयल्स
- स्थान : विमतारा हॉल, शांतिनगर
- समय : सुबह 9 से दोपहर 2 बजे
- प्रवेश उत्सव
- स्थान : लक्ष्मीनारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, कालीबाड़ी रोड
- समय : दोपहर 12:30 बजे
- जनसभा एवं धरना-प्रदर्शन
- आयोजक : गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एवं छत्तीसगढ़ सतनामी मुक्ति केंद्र
- स्थान : अंबेडकर चौक, रायपुर
- समय : सुबह 11 बजे।



