सेजेस तारबाहर का शानदार रिजल्ट: 10वीं में 88.13% और 12वीं में 100% सफलता, छात्रों ने रचा इतिहास

मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से मिली बड़ी उपलब्धि, विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सेजेस तारबाहर विद्यालय में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों द्वारा उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम हासिल करने पर पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। विद्यार्थियों ने अपने परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन के दम पर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती उषा चंद्रा ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल विद्यार्थियों की मेहनत ही नहीं, बल्कि अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के निरंतर प्रयासों का भी परिणाम है।
परीक्षा परिणाम की बात करें तो कक्षा 10वीं का कुल परिणाम 88.13 प्रतिशत रहा, जबकि कक्षा 12वीं में शत-प्रतिशत यानी 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। कक्षा 10वीं में युक्ति साहू ने 95.6 प्रतिशत, सृष्टि प्रजापति ने 92.6 प्रतिशत और आशी तंबोली ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं 12वीं कॉमर्स संकाय में माला कामले ने 89 प्रतिशत, गणित संकाय में तराना लारिया ने 90 प्रतिशत तथा बायो संकाय में यांशी ने 86.8 प्रतिशत अंक हासिल किए।
प्रमुख सफल विद्यार्थी इस प्रकार हैं:
युक्ति साहू – 95.6%
सृष्टि प्रजापति – 92.6%
आशी तंबोली – 91% (गणित में 100 अंक)
माला कामले – 89% (कॉमर्स)
तराना लारिया – 90% (गणित)
यांशी – 86.8% (बायो)
विशेष रूप से कक्षा 10वीं की छात्रा आशी तंबोली ने गणित विषय में शत-प्रतिशत यानी 100 अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं कक्षा 12वीं के कुल 50 विद्यार्थियों में से 43 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी और 7 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जो शिक्षा के स्तर और गुणवत्ता को दर्शाता है।
विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।



