दुर्ग संभाग

घर में घुसकर मां-बेटे की हत्या, बेटी पर भी जानलेवा हमला; पारिवारिक रंजिश की आशंका

डबल मर्डर से दहला गांव, गंभीर रूप से घायल युवती अस्पताल में भर्ती; पुलिस जांच में जुटी

डोंगरगढ़ ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में मां और बेटे की हत्या कर दी गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर हुए इस हमले से गांव में दहशत फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घर में घुसकर किया हमला, मां-बेटे की मौत

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कमला सोनकर और उनके बेटे पर घर में घुसे आरोपी ने कथित तौर पर जानलेवा हमला किया। हमले में दोनों की मौत हो गई। वहीं, परिवार की बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय कमला सोनकर के पति घर से बाहर थे। इसी दौरान घर में यह वारदात हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पारिवारिक रंजिश की आशंका, रिश्तेदार पर संदेह

प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। वारदात में परिवार के ही एक रिश्तेदार की भूमिका होने का संदेह भी सामने आया है। हालांकि, आरोपी की संलिप्तता और हत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस जांच के बाद होगा खुलासा

पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और वारदात की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मां-बेटे की हत्या के पीछे की असली वजह क्या है और हमले में कौन शामिल था, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल इस घटना से चौथना गांव और आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!