अन्तर्राष्ट्रीय

‘मैं शरीफ और सम्मानित आदमी हूं’, न्यूयॉर्क फेडरल कोर्ट में पेश हुए वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो, सभी आरोपों से किया इनकार

न्यूयॉर्क ( एजेंसी ) // वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सोमवार रात अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित फेडरल कोर्ट में पेश किया गया। ड्रग तस्करी, अवैध हथियार रखने और नार्को-टेररिज्म से जुड़े गंभीर आरोपों पर कोर्ट में पेशी के दौरान मादुरो ने खुद को पूरी तरह बेगुनाह बताया।

कोर्ट में जज के सामने बेहद शांत और सौम्य अंदाज़ में मादुरो ने कहा, “मैं एक शरीफ और सम्मानित आदमी हूं। मैं अपने देश वेनेजुएला का निर्वाचित राष्ट्रपति हूं। मुझे रात के अंधेरे में किडनैप कर यहां लाया गया है।” मादुरो ने अमेरिका की कार्रवाई को अवैध बताते हुए सभी आरोपों से साफ इनकार किया। मामले की अगली सुनवाई अब 17 मार्च को तय की गई है।

वकीलों ने बताया ‘सैन्य अपहरण’

मादुरो के वकीलों ने अमेरिकी कार्रवाई को सैन्य अपहरण करार देते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून और कानूनी प्रक्रिया का गंभीर उल्लंघन है। बचाव पक्ष ने अमेरिकी अदालत के अधिकार क्षेत्र (ज्यूरिस्डिक्शन) को भी चुनौती देने के संकेत दिए हैं। उनका तर्क है कि अमेरिकी एजेंसियों ने विदेशी जमीन पर अवैध कार्रवाई कर मादुरो को गिरफ्तार किया।

अनुवादक के जरिए रखी बात, ‘मैं बेगुनाह हूं’

पेशी के दौरान निकोलस मादुरो ने अनुवादक के माध्यम से स्पेनिश भाषा में अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि उन्हें वेनेजुएला की राजधानी काराकास स्थित उनके घर से पकड़ा गया। मादुरो ने दावा किया कि उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है, जो उनके साथ अन्याय है। यह उनकी पहली अमेरिकी अदालत पेशी थी, जिसमें उन्होंने खुलकर अमेरिका की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए।

पैरों में बेड़ियां, हेलिकॉप्टर से लाए गए अदालत

सुनवाई के दौरान मादुरो के पैरों में बेड़ियां लगी हुई थीं। उन्हें एक हेलिकॉप्टर से अदालत के पास बने हेलिपैड पर लाया गया, जहां से तुरंत एक वैन के जरिए कोर्ट पहुंचाया गया। अदालत में वह अपनी पत्नी के साथ एक ही मेज पर बैठे थे और दोनों ने अनुवाद सुनने के लिए हेडफोन लगाए हुए थे।

पत्नी सीलिया फ्लोरेस भी पेश, आरोपों से इनकार

मादुरो की पत्नी और वेनेजुएला की प्रथम महिला सीलिया फ्लोरेस भी कोर्ट में पेश हुईं। उनके चेहरे पर चोट के निशान और पट्टी बंधी हुई थी। उन्होंने भी सभी आरोपों से इनकार करते हुए खुद को निर्दोष बताया। अदालत ने दोनों की ‘नॉट गिल्टी’ की दलील को आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया।

गंभीर आरोप, कई बड़े नाम चार्जशीट में

अमेरिकी अभियोजन पक्ष के अनुसार, मादुरो और उनके सहयोगियों पर नशा तस्करों और आतंकी गिरोहों के साथ मिलकर अमेरिका में कोकीन पहुंचाने की साजिश रचने का आरोप है। मादुरो पर मशीनगन और अन्य प्रतिबंधित हथियार रखने का भी आरोप है, जिसके लिए लंबी सजा हो सकती है। चार्जशीट में मादुरो के बेटे, वेनेजुएला के गृह मंत्री और कुख्यात गैंग ‘त्रेन दे अरागुआ’ के सरगना का नाम भी शामिल है, जिसे अमेरिका विदेशी आतंकी संगठन मानता है।

वेनेजुएला बोला—संप्रभुता पर हमला

इस पूरे मामले पर वेनेजुएला सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सरकार ने इसे देश की संप्रभुता पर हमला बताया है, जबकि अमेरिका इसे कानूनी कार्रवाई बता रहा है। वेनेजुएला का कहना है कि मादुरो पर लगाए गए आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। इस प्रकरण ने वैश्विक स्तर पर कई देशों को सतर्क कर दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!