रायपुर संभाग

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का खतरा, छत्तीसगढ़ में 27 से 29 अक्टूबर तक भारी बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ समेत देश के कई राज्यों में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मौसम का मिजाज बदल सकता है। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही मौसम प्रणाली के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है, जबकि छत्तीसगढ़ में भी 27 से 29 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

रायपुर ( शिखर दर्शन ) //

बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव का क्षेत्र आने वाले दिनों में अधिक शक्तिशाली हो सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, यह प्रणाली पहले अवदाब और फिर गहरे अवदाब में बदल सकती है। इसके बाद 26 अक्टूबर तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान विकसित होने की संभावना जताई गई है। संभावित तूफान का असर मुख्य रूप से आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है।

ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की आशंका

ओडिशा में 26 से 29 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। 27 और 29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश तथा 28 अक्टूबर को कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 27 से 29 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। 27 और 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है। तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश का दौर

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24 से 26 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में भी 27 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। लक्षद्वीप में 24 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश और 25 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी आंतरिक इलाकों में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।

बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बदलेगा मौसम

मौसम प्रणाली का प्रभाव पूर्वी भारत के अन्य राज्यों में भी दिखाई दे सकता है। पश्चिम बंगाल और झारखंड में 28 और 29 अक्टूबर को बारिश की संभावना है। बिहार में भी इन तारीखों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी 27 से 29 अक्टूबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ में तीन दिन बारिश के संकेत

छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भी 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग की चेतावनियों पर रखें नजर

संभावित चक्रवाती तूफान और भारी बारिश के मद्देनजर लोगों को मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन और स्थानीय प्रशासन की सलाह पर ध्यान देना चाहिए। गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले रास्तों और उफनते नदी-नालों को पार न करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!