छत्तीसगढ़ में IAS, IPS और IFS अधिकारियों का DA बढ़ा, अब 63 प्रतिशत मिलेगा महंगाई भत्ता

1 जुलाई 2026 से लागू होगी नई दर, एरियर का नकद भुगतान; अधिक भुगतान की राशि समायोजित करने के भी निर्देश
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की सौगात दी है। राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों का महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ा दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के बाद अब इन अधिकारियों को 60 प्रतिशत के स्थान पर 63 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा।
महंगाई भत्ते की बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि बढ़े हुए डीए का भुगतान नकद किया जाएगा। इससे प्रदेश में पदस्थ अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को जुलाई से बढ़ी हुई दर के अनुसार आर्थिक लाभ मिलेगा।
केंद्र सरकार की दर के अनुरूप फैसला
केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय ने 29 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि की थी। इसके बाद केंद्रीय कर्मचारियों का डीए 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया था। केंद्र के इसी निर्णय के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार ने भी राज्य में कार्यरत अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के लिए महंगाई भत्ते की नई दर लागू करने का आदेश जारी किया है।
मूल वेतन के आधार पर होगी गणना
सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार, महंगाई भत्ते की गणना वेतन मैट्रिक्स में निर्धारित मूल वेतन (बेसिक पे) के आधार पर की जाएगी। इसमें विशेष वेतन और व्यक्तिगत वेतन को शामिल नहीं किया जाएगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भत्ते को मूल वेतन का हिस्सा नहीं माना जाएगा।
एरियर भुगतान के लिए भी निर्देश
सरकार ने बढ़े हुए महंगाई भत्ते के एरियर भुगतान की प्रक्रिया भी स्पष्ट कर दी है। संबंधित कार्यालयों को अधिकारियों के एरियर के देयक तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी अधिकारी को पहले ही निर्धारित देय राशि से अधिक भुगतान किया जा चुका है, तो अतिरिक्त भुगतान की रकम का समायोजन किया जाएगा।
आदेश के मुताबिक, इस निर्णय का लाभ देने के लिए अलग से व्यक्तिगत प्राधिकार पत्र जारी करने की आवश्यकता नहीं होगी। संबंधित कार्यालय जारी निर्देशों के अनुसार भुगतान की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
राज्य के कर्मचारियों का डीए भी 60 प्रतिशत
इससे पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने दिवाली से पहले राज्य के शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि की थी। यह बढ़ोतरी 1 नवंबर से प्रभावी की गई थी, जिसके बाद राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया। इस फैसले से प्रदेश के लगभग 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारियों और 1 लाख 50 हजार पेंशनभोगियों को लाभ मिलने की बात कही गई थी।
अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के लिए अब डीए की दर 63 प्रतिशत किए जाने के बाद राज्य में केंद्र के बराबर महंगाई भत्ते का लाभ मिलने लगा है।



