सोनिया गांधी की किताब पर महाराष्ट्र में बवाल, शिंदे गुट ने फाड़े पन्ने; सावरकर के अपमान का आरोप

‘Belonging’ के पेज 201 और 447 पर शिवसेना को आपत्ति, किताब पर प्रतिबंध लगाने और विवादित अंश हटाने की मांग
मुंबई ( शिखर दर्शन ) // कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद गहरा गया है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने किताब में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर और मराठी अस्मिता के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने किताब के पन्ने फाड़े और इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। साथ ही विवादित अंशों को हटाने की मांग भी उठाई है।
किताब के पेज 201 और 447 पर कड़ी आपत्ति
शिवसेना (शिंदे गुट) के नेताओं ने किताब के पेज नंबर 201 और 447 में लिखी गई सामग्री पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि इन पन्नों में वीर सावरकर को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गई हैं, जिससे उनकी छवि और मराठी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
पार्टी नेताओं ने सवाल उठाया कि वीर सावरकर के बारे में प्रमाणपत्र देने वाली सोनिया गांधी कौन होती हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि किताब के माध्यम से इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने का प्रयास किया गया है।
शाइना एनसी ने दी इतिहास बदलने की कोशिशों के खिलाफ चेतावनी
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि इतिहास को बदलने या छिपाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई इतिहास को बदलने या उसे छिपाने का प्रयास करेगा तो उसका विरोध किया जाएगा।
संजय निरुपम ने उद्धव ठाकरे की चुप्पी पर उठाए सवाल
इस विवाद में शिवसेना नेता संजय निरुपम ने भी उद्धव ठाकरे को निशाने पर लिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता के कथित अपमान का मामला सामने आया है, तब उद्धव ठाकरे ने इसका विरोध क्यों नहीं किया?
निरुपम ने मणिशंकर अय्यर के सावरकर को लेकर दिए गए विवादित बयान का भी उल्लेख किया। उन्होंने याद दिलाया कि उस समय बालासाहेब ठाकरे ने अय्यर के खिलाफ प्रदर्शन किया था। निरुपम ने सवाल किया कि क्या उद्धव ठाकरे अब सोनिया गांधी की किताब के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन करेंगे?
महाराष्ट्र की राजनीति में बढ़ी तल्खी
सोनिया गांधी की किताब को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब सावरकर के सम्मान, मराठी अस्मिता और राजनीतिक दलों के रुख तक पहुंच गया है। शिंदे गुट की ओर से प्रतिबंध की मांग के बाद महाराष्ट्र में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।



