मध्यप्रदेश

छठ महापर्व से लेकर सियासी हलचल तक, मध्यप्रदेश में आज कई बड़े घटनाक्रम

शिवपुरी-ग्वालियर दौरे पर रहेंगे CM मोहन यादव, निवेश के लिए सिंगापुर-दक्षिण कोरिया जाएंगे; कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन और कोरोना योद्धाओं का आंदोलन भी चर्चा में

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में आज का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल, शिवपुरी और ग्वालियर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे लाड़ली बहना योजना की राशि जारी करने के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। वहीं, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 से पहले मुख्यमंत्री के विदेश दौरे की तैयारी है। दूसरी ओर वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस आंदोलन की रणनीति बना रही है। कोरोना योद्धाओं ने भी पुनर्बहाली की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। इसके अलावा आज से छठ महापर्व की शुरुआत हो रही है और भोपाल के हॉकी मैदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर की मान्यता मिली है।

मुख्यमंत्री का आज का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 10:40 बजे भोपाल के प्रकाश स्विमिंग पूल पहुंचेंगे। यहां वे 26वीं नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप के समापन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद सुबह 11:40 बजे शिवपुरी के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12:50 बजे वहां पहुंचेंगे।

शिवपुरी में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे। इसके साथ ही करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।

दोपहर 3:05 बजे वे शिवपुरी से ग्वालियर पहुंचेंगे। यहां पशुपालन सम्मेलन एवं पशु मेले में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि जारी करेंगे। शाम 5:10 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय पहुंचकर स्वच्छताकर्मियों का सम्मान करेंगे। मुख्यमंत्री रात करीब 7:20 बजे ग्वालियर से भोपाल लौटेंगे।

स्वामित्व योजना में 20 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां

मध्यप्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का वैधानिक अधिकार दिलाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। प्रदेश में अब तक 20 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं। सभी 55 जिलों में पंजीयन का काम जारी है। छिंदवाड़ा जिला इस मामले में सबसे आगे है, जहां अब तक 86 हजार 867 रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं।

निवेश जुटाने सिंगापुर और दक्षिण कोरिया जाएंगे मुख्यमंत्री

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 से पहले मध्यप्रदेश में विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विदेश दौरे पर जाएंगे। वे 23 नवंबर से सिंगापुर और दक्षिण कोरिया की यात्रा शुरू करेंगे और 28 नवंबर को भारत लौटेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री दोनों देशों के प्रमुख निवेशकों और उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं, उपलब्ध संसाधनों और उद्योगों के लिए दी जा रही सुविधाओं की जानकारी देंगे। साथ ही निवेशकों को फरवरी 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का न्योता भी देंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री सितंबर में तीन दिवसीय दुबई दौरे पर गए थे।

वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर मध्यप्रदेश कांग्रेस बड़े आंदोलन की तैयारी में है। 25 नवंबर को ग्वालियर में प्रदेशभर के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जुटेंगे। यहां से दिल्ली कूच करने की रणनीति बनाई गई है।

कांग्रेस ने इस आंदोलन में करीब एक लाख कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आंदोलन की कमान संभाली है। तैयारियों को लेकर 14 से 17 नवंबर तक जोनवार बैठकें आयोजित की जाएंगी।

वहीं, एआईसीसी ने मध्यप्रदेश के लिए 10 प्रभारी नियुक्त किए हैं, जो 13 नवंबर को भोपाल पहुंचेंगे। प्रदेश कांग्रेस की ओर से भी 10 प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये सभी आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप देंगे।

पुनर्बहाली की मांग पर कोरोना योद्धाओं का आंदोलन

कोरोना काल में सेवाएं देने वाले कोरोना योद्धाओं ने पुनर्बहाली की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। इसके तहत 16, 17 और 18 नवंबर को भोपाल के नीलम पार्क में तीन दिवसीय महाआंदोलन किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, इसमें प्रदेशभर से करीब चार हजार कोरोना योद्धा अपने परिवारों के साथ शामिल होंगे।

आज से छठ महापर्व का शुभारंभ

आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ आज से शुरू हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में श्रद्धालु सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना करेंगे।

  • 13 नवंबर: नहाय-खाय
  • 14 नवंबर: खरना
  • 15 नवंबर: अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य
  • 16 नवंबर: उदीयमान सूर्य को अर्घ्य और व्रत का पारण

छठ महापर्व को लेकर मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों में तैयारियां की जा रही हैं।

भोपाल के हॉकी मैदान को FIH कैटेगरी-1 की मान्यता

मध्यप्रदेश के खेल जगत के लिए भी बड़ी उपलब्धि सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को कैटेगरी-1 का प्रमाणपत्र दिया है।

इस मान्यता के साथ भोपाल हैदराबाद के बाद देश का दूसरा ऐसा शहर बन गया है, जहां इस श्रेणी का अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला हॉकी मैदान मौजूद है। मध्यप्रदेश में यह पहला स्टेडियम है, जिसे FIH की कैटेगरी-1 मान्यता मिली है। इसे प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!