Blog

छत्तीसगढ़ में ठंड के बीच बारिश के आसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया मौसमी सिस्टम

अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं, अंबिकापुर में सबसे कम 11.4 डिग्री दर्ज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में अब ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के बाद सुबह और देर रात ठंड महसूस होने लगी है। हालांकि, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। इस बीच बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी सिस्टम विकसित होने के संकेत मिले हैं, जिसका असर आने वाले दिनों में दक्षिण और मध्य भारत के मौसम पर पड़ सकता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या छत्तीसगढ़ में ठंड के बीच बारिश भी हो सकती है?

अगले पांच दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी पांच दिनों के दौरान छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। फिलहाल प्रदेश में बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम शुष्क रहने के साथ रात और सुबह के समय ठंड का एहसास बढ़ सकता है।

बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा निम्न दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य अंडमान सागर और उससे लगे अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के ऊपर ऊपरी वायु परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

यह मौसमी सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके 14 नवंबर तक स्पष्ट निम्न दबाव के क्षेत्र में और 15 नवंबर के आसपास अवदाब में तब्दील होने के आसार हैं। हालांकि, इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर कितना प्रभाव पड़ेगा, यह आने वाले दिनों में सिस्टम की दिशा और तीव्रता पर निर्भर करेगा।

रायपुर में आज साफ रहेगा आसमान

राजधानी रायपुर में 13 नवंबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड, सुकमा सबसे गर्म

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में तापमान का मिला-जुला असर देखने को मिला। सुकमा में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर 11.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई।

गुरुवार को प्रमुख शहरों का तापमान

  • रायपुर – अधिकतम 29.8°C, न्यूनतम 17.3°C
  • माना एयरपोर्ट – अधिकतम 29.2°C, न्यूनतम 15.2°C
  • बिलासपुर – अधिकतम 28.8°C, न्यूनतम 16.0°C
  • पेण्ड्रारोड – अधिकतम 28.4°C, न्यूनतम 13.8°C
  • अंबिकापुर – अधिकतम 28.1°C, न्यूनतम 11.4°C
  • जगदलपुर – अधिकतम 29.4°C, न्यूनतम 14.0°C
  • दुर्ग – अधिकतम 32.2°C, न्यूनतम 15.6°C
  • राजनांदगांव – अधिकतम 29.5°C, न्यूनतम 17.0°C

फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे सिस्टम पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!