Blog

CM साय आज मुंगेली को देंगे 465 करोड़ रुपये की सौगात, सौरभ चंद्राकर की ED कोर्ट में पेशी; भूपेश बघेल करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस, पढ़ें आज की प्रमुख खबरें

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज, 13 नवंबर को राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुंगेली जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। वहीं महादेव सट्टा ऐप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर की ईडी की विशेष अदालत में पेशी होगी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दोपहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके अलावा कृषि मंत्री रामविचार नेताम किसानों से जुड़े मुद्दों पर जानकारी देंगे। प्रदेश में आज होने वाली अन्य प्रमुख गतिविधियों पर डालिए एक नजर।

मुख्यमंत्री साय आज मुंगेली को देंगे 465 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मुंगेली जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 12:30 बजे ग्राम कंतेली पहुंचेंगे। यहां मिनी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।

इस दौरान 68 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 24 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं 397 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास होगा।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ग्राम डिंडोरी पहुंचेंगे, जहां दोपहर 1:55 से 2:40 बजे तक उनका समय आरक्षित रहेगा। इसके बाद वे दोपहर 3:20 बजे रायपुर लौट आएंगे।

सौरभ चंद्राकर की आज ईडी की विशेष अदालत में पेशी

महादेव सट्टा ऐप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर स्थित ईडी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, जेल में बंद चंद्राकर को प्रोडक्शन वारंट के तहत रायपुर जेल से अदालत लाया जाएगा।

बताया गया है कि सीबीआई कोर्ट में आवेदन खारिज होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पीएमएलए विशेष अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद आज उनकी पेशी की तैयारी की गई है।

भूपेश बघेल आज करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दोपहर 1 बजे रायपुर स्थित अपने निवास पर मीडिया से चर्चा करेंगे। उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम, धान खरीदी सहित प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बात होने की संभावना है।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम आज करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

कृषि मंत्री रामविचार नेताम और कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी आज संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। दोपहर 12 बजे नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृषक उन्नति योजना और पीएम-आशा अभियान की जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा गन्ना खरीदी, मिलेट्स और कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।

पटवारियों पर कार्रवाई के विरोध में आज जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन

प्रदेश में आंदोलनरत पटवारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के विरोध में प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ आज 13 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगा। भोजन अवकाश के दौरान होने वाले इस प्रदर्शन के बाद कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा के मुताबिक, रायपुर में दोपहर 1:30 बजे कलेक्टर परिसर में प्रदर्शन किया जाएगा।

पेंशनर्स एसोसिएशन रायपुर जिले के संयोजक विजय कुमार झा और प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रामचंद्र टांडी ने कहा कि पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई से 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी प्रभावित हो सकती है। इसके साथ ही किसानों और विद्यार्थियों से जुड़े राजस्व संबंधी कार्यों पर भी असर पड़ने की आशंका है।

कर्मचारी नेताओं ने मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री से कार्रवाई वापस लेकर बातचीत के जरिए समस्या का समाधान करने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने पटवारियों के आंदोलन में शामिल होने की चेतावनी दी है।

IIIT नया रायपुर में सेमीकंडक्टर पर तीन दिन होगा मंथन

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT), नया रायपुर में 13 से 15 नवंबर तक ‘मेक इन सिलिकॉन 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में स्वदेशी सेमीकंडक्टर अवसंरचना के विकास और देश को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

कार्यक्रम में देश-विदेश के शिक्षाविद, शोधकर्ता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ और विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। इस दौरान सेमीकंडक्टर तकनीक, अनुसंधान और स्वदेशी विनिर्माण की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

आज होगी अंतरमहाविद्यालयीन तीरंदाजी प्रतियोगिता

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के तत्वावधान में महंत लक्ष्मी नारायण दास महाविद्यालय द्वारा आज 13 नवंबर को अंतरमहाविद्यालयीन तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता के संगठन सचिव एवं क्रीड़ाधिकारी विजय शर्मा के अनुसार, इसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के महिला और पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता शुक्रवार सुबह 11 बजे से खेल विभाग के तीरंदाजी मैदान में शुरू होगी।

वन नेशन-वन सब्सक्रिप्शन पर आज क्षेत्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा आज पूर्वी क्षेत्र के राज्यों के लिए वन नेशन-वन सब्सक्रिप्शन (ONOS) पर एक दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य इस पहल की प्रमुख विशेषताओं, उपलब्ध सुविधाओं और प्रभावी उपयोग के बारे में प्रतिभागियों को जानकारी देना है। प्रशिक्षण के दौरान शोध पत्रिकाओं और अकादमिक संसाधनों तक पहुंच, उनके उपयोग तथा योजना से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियों पर चर्चा की जाएगी। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को इस पहल का लाभ उठाने और इससे संबंधित समस्याओं के समाधान को समझने का अवसर मिलेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!