शहीद जवानों का बलिदान छत्तीसगढ़ की शांति और सुरक्षा की मजबूत नींव : केदार कश्यप

पुलिस स्मृति दिवस पर वन मंत्री ने अमर शहीदों को किया नमन, परिजनों से मिलकर व्यक्त की संवेदना
छत्तीसगढ़ में शांति और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस के वीर जवानों का योगदान अतुलनीय है। कठिन परिस्थितियों में कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों की शहादत सदैव याद रखी जाएगी। उनका साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। यह बात वन मंत्री केदार कश्यप ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कही।
जगदलपुर ( शिखर दर्शन ) //
पुलिस स्मृति दिवस पर वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर स्थित अमर शहीद वाटिका पहुंचकर शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त की।
कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य से पीछे नहीं हटे जवान
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पुलिस के जवान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा करने और समाज में शांति स्थापित करने के लिए विषम परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि शहीद जवानों की वीरता और कर्तव्य के प्रति समर्पण देशसेवा की ऐसी मिसाल है, जो समाज को हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।
शहीद परिवारों का सम्मान हम सभी की जिम्मेदारी
केदार कश्यप ने कहा कि किसी परिवार के लिए अपने प्रियजन को खोने की पीड़ा अपूरणीय होती है। ऐसे कठिन समय में शहीद जवानों के परिवारों का धैर्य और साहस भी सम्मान का पात्र है। शहीदों की स्मृतियों को संजोकर रखना और उनके परिजनों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और नागरिकों की सुरक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर नगर निगम के महापौर संजय पाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



