भीषण सड़क हादसा, स्कूटी सवार 19 वर्षीय युवती की मौत; युवक ICU में भर्ती

भिलाई (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहा 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जवाहर उद्यान के पास रात करीब 11 बजे कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। घायल युवक को जिला अस्पताल दुर्ग के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जवाहर उद्यान के पास कार और स्कूटी की भिड़ंत
पुलिस के अनुसार, तालपुरी बी ब्लॉक निवासी आक्षिता अवचट सोमवार रात आयुष साहू के साथ स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान जवाहर उद्यान के पास उनकी स्कूटी की होंडा अमेज कार (CG 07 CH 2321) से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दोनों युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
युवती ने तोड़ा दम, युवक की हालत गंभीर
हादसे के बाद दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, उपचार के दौरान आक्षिता अवचट की मौत हो गई। वहीं, आयुष साहू को गंभीर चोटें आने के कारण जिला अस्पताल दुर्ग के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
गरबा देखने जा रहा था कार सवार परिवार
जानकारी के मुताबिक, हादसे में शामिल होंडा अमेज कार अभिजीत धर की बताई जा रही है। वह अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बेटी के साथ सेक्टर-10 से सेक्टर-4 में गरबा देखने जा रहे थे। इसी दौरान जवाहर उद्यान के पास कार और स्कूटी की भिड़ंत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों का स्पष्ट पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है, जबकि घायल युवक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।



