Blog

खेत में बने कुएं में डूबे चार सगे मासूम भाई, एक ही परिवार के चार चिराग बुझने से गांव में मातम

खेत घूमने निकले थे चारों भाई, एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में हादसे की आशंका

अशोकनगर ( शिखर दर्शन ) //

मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी क्षेत्र से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। विक्रमपुर गांव के चींटिया मोहल्ले में एक ही परिवार के चार मासूम भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। गणेश उत्सव के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।

जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने के कारण चारों भाई—9 वर्षीय देव, 7 वर्षीय त्रिवेद, 6 वर्षीय महादेव और 4 वर्षीय प्रियांश—सुबह घर से हंसते-खेलते खेत की ओर घूमने निकले थे। काफी देर तक जब बच्चे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

एक-दूसरे को बचाने में चारों की गई जान

आशंका जताई जा रही है कि खेत में बने कुएं में झांकते समय किसी एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गया। उसे डूबता देखकर बाकी भाइयों ने भी उसे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान एक-एक कर चारों बच्चे गहरे पानी में समा गए।

मां मायके में, पिता मजदूरी करने गए थे

बताया गया कि घटना के समय बच्चों के पिता बलवीर कुशवाहा मजदूरी करने गए हुए थे, जबकि उनकी मां मायके गई हुई थी। दोपहर तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खेत की ओर पहुंचने पर कुएं में चारों बच्चों के शव दिखाई दिए।

चार मासूमों की मौत से गांव में पसरा सन्नाटा

एक ही परिवार के चार मासूम बच्चों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। चारों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।

इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के चार मासूम चिरागों के एक साथ बुझ जाने से हर किसी की आंखें नम हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!