Blog

गणेश चतुर्थी पर पीएम मोदी ने पीयूष गोयल के आवास पर की गणपति पूजा, अमित शाह ने किए लालबागचा राजा के दर्शन

प्रधानमंत्री ने देशवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की, पारंपरिक महाराष्ट्रियन वेशभूषा में नजर आए पीएम मोदी

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) //

गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर देशभर में 10 दिवसीय गणेश उत्सव की शुरुआत हो गई है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आवास पर पहुंचे और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री ने भगवान गणेश की आरती उतारी और देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर गणपति पूजा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि वह केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आवास पर गणपति दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने कामना की कि भगवान श्री गणेश सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र की पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। उन्होंने धोती-कुर्ता पहना हुआ था और सिर पर महाराष्ट्र की पारंपरिक टोपी धारण की थी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी प्रधानमंत्री के आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने और परिवार के लिए सौभाग्य का अवसर बताया।

पीयूष गोयल ने प्रार्थना की कि विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश सभी के जीवन से कष्टों को दूर करें और देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ने का आशीर्वाद दें।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी की पूजा

इससे पहले उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन भी पीयूष गोयल के आवास पहुंचे। उन्होंने गणपति बप्पा के दर्शन कर पूजा-अर्चना में भाग लिया और देशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि गणेश उत्सव से जुड़ी भक्ति, आत्मीयता और एकजुटता की भावना वास्तव में विशेष है। उन्होंने भगवान गणेश से सभी को ज्ञान, सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद देने की कामना की।

पीएम मोदी ने देशवासियों को दी गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इससे पहले देशवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि विघ्नहर्ता के दर्शन और पूजन का यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे। भगवान गणेश के दिव्य आशीर्वाद से सभी के प्रयास सफल हों और राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे, यही उनकी कामना है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश का समापन “गणपति बाप्पा मोरया!” के जयघोष के साथ किया।

अमित शाह ने किए लालबागचा राजा के दर्शन

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुंबई में प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशभर में गणपति पंडालों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों में गणेश उत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!