दुर्ग संभाग

जिला अस्पताल की लैब में ड्यूटी के दौरान महिला टेक्नीशियनों ने बनाई रील, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप

ब्लड सैंपल के साथ रील बनाने का आरोप, लैब प्रभारी को नोटिस; जांच के बाद होगी कार्रवाई

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान महिला टेक्नीशियनों द्वारा रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कुछ महिला टेक्नीशियन लैब के अंदर ब्लड सैंपल के साथ रील बनाती नजर आ रही हैं। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने जांच के निर्देश दिए हैं। लैब प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━

वायरल वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि ड्यूटी के दौरान रील बनाने से मरीजों की जांच और सैंपल प्रक्रिया प्रभावित तो नहीं हुई। अटल आरोग्य लैब जिला अस्पताल की जांच व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां करीब 134 तरह की जांच मुफ्त की जाती हैं। लैब का संचालन एचएलएल कंपनी के माध्यम से किया जा रहा है।

कुछ दिन पहले जांच रिपोर्ट को लेकर भी हुआ था विवाद

रील का वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ दिन पहले इसी लैब में एक 24 वर्षीय युवक की जांच रिपोर्ट को लेकर विवाद हुआ था। जांच के बाद युवक को एचआईवी पॉजिटिव बताया गया था। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके बाद दोबारा जांच और पड़ताल की गई। इसके बाद रिपोर्ट में सुधार किया गया।

अब लैब में ड्यूटी के दौरान रील बनाने का वीडियो वायरल होने के बाद उसकी कार्यप्रणाली को लेकर फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बना, होगी जांच

अस्पताल प्रबंधन यह पता लगाने में जुटा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया था। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि रील बनाने के दौरान लैब का कामकाज और मरीजों के सैंपल की जांच किसी तरह प्रभावित हुई थी या नहीं।

सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने कहा कि लैब या कार्यस्थल पर ड्यूटी के दौरान इस तरह वीडियो बनाना लापरवाही है। मामला सामने आते ही जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!