रायपुर संभाग

बारिश से मौसम हुआ सुहाना, आज भी कई इलाकों में बरसेंगे बादल; बागबाहरा में 14 सेमी बारिश

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून इन दिनों पूरी तरह सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश की संभावना जताई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में जमकर बरसे बादल

पिछले 24 घंटों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। सरगुजा और रायपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 28 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान दुर्ग में 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बागबाहरा में 14 सेमी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में बागबाहरा में सर्वाधिक 14 सेमी बारिश दर्ज की गई। महासमुंद, छुरा, राजिम और कोमाखान में 11-11 सेमी, आरंग, भटगांव, भाखरा, बिहारपुर और लटोरी में 9-9 सेमी बारिश हुई।

कुरूद, प्रतापपुर और गरियाबंद में 8-8 सेमी, मगरलोड, कांसाबेल, कुनकुरी और मनोरा में 7-7 सेमी वर्षा दर्ज की गई। छाल, चंद्रपुर, दुलदुला, खरोरा और चलगली में 6-6 सेमी, जबकि तमनार, अंबिकापुर, रायगढ़, सूरजपुर, पाटन, बलरामपुर समेत कई स्थानों पर 5 सेमी तक बारिश हुई।

अवदाब के असर से बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा क्षेत्र में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। एक अवदाब झारखंड और उससे लगे गंगेटिक पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में बना हुआ है, जिसके झारखंड और बिहार की ओर बढ़ने की संभावना है।

इसके साथ ही मानसून द्रोणिका भी सक्रिय है। इसके प्रभाव से आज प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!