रायपुर संभाग

CG Morning News: CM साय श्रोत महोत्सव में होंगे शामिल, कांग्रेस नेता पंकज ने भाजपा प्रवक्ता श्रीवास को भेजा नोटिस; पढ़ें आज की प्रमुख खबरें

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज श्रोत महोत्सव में शामिल होंगे। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री अरुण साव लोक निर्माण विभाग की उपलब्धियां बताएंगे, कांग्रेस स्मार्ट मीटर के विरोध की रणनीति बनाएगी, भाजपा का सहयोग केंद्र जारी रहेगा। वहीं कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास को नोटिस भेजा है। रायपुर में आज ‘दृश्य संवाद 2026’ का भी शुभारंभ होगा। पढ़िए छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरें—

श्रोत महोत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11.15 बजे ओमाया गार्डन पहुंचेंगे, जहां वे जल संसाधन विभाग के श्रोत महोत्सव में शामिल होंगे। दोपहर 1 बजे कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री मंत्रालय जाएंगे और शाम 5 बजे तक कार्यालयीन कार्यों में व्यस्त रहेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

PWD की उपलब्धियां गिनाएंगे उपमुख्यमंत्री साव

उपमुख्यमंत्री अरुण साव दोपहर 1 बजे नवा रायपुर स्थित संवाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वे लोक निर्माण विभाग की उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ विभाग की आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा करेंगे।

स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस बनाएगी रणनीति

शहर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक दोपहर 12 बजे गांधी मैदान में होगी। बैठक में स्मार्ट मीटर के विरोध को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। जिला प्रभारी प्रतिमा चंद्राकर, जिला अध्यक्ष श्री कुमार मेनन सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और नेता बैठक में मौजूद रहेंगे।

भाजपा का सहयोग केंद्र आज भी जारी

भाजपा का सहयोग केंद्र भी लगातार जारी है। मंत्री ओपी चौधरी आज दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे। सहयोग केंद्र में अपनी समस्याएं लेकर प्रदेशभर से लोग पहुंच रहे हैं।

कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने भाजपा प्रवक्ता को भेजा नोटिस

कांग्रेस के पूर्व महामंत्री पंकज शर्मा ने नकटी प्रकरण में भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास द्वारा जारी वीडियो को लेकर सार्वजनिक माफी मांगने का नोटिस भेजा है। पंकज शर्मा का दावा है कि वीडियो में लगाए गए आरोप झूठे और तथ्यों से परे हैं।

नोटिस में कहा गया है कि यदि समय रहते सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई तो सक्षम न्यायालय में मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा। पंकज शर्मा ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से भेजे नोटिस में आरोप लगाया है कि पुराने वीडियो के जरिए लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।

11 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी संगठनों का ज्ञापन

राज्य कर्मचारी संघ, भारतीय मजदूर संघ और राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ ने प्रदेश के सभी जिलों में 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

कर्मचारी संगठनों ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने, केंद्र की देय तिथि से एरियर सहित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने, मध्यप्रदेश की तर्ज पर चतुर्थ समयमान वेतनमान लागू करने, 25 वर्ष की सेवा पर पूर्ण पेंशन का लाभ देने और प्रशासनिक न्यायाधिकरण की स्थापना सहित कई मांगें रखी हैं। इसके अलावा दैनिक वेतनभोगी एवं संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा कर्मचारियों और पेंशनरों से जुड़े लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण की मांग भी की गई है।

अतिथि व्याख्याताओं की पुनर्नियुक्ति का रास्ता साफ

छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में अतिथि व्याख्याताओं की पुनर्नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने मंगलवार को अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति के संबंध में संशोधित आदेश जारी कर दिया। नियुक्ति नहीं होने और नियमों में संशोधन की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से अतिथि व्याख्याताओं का धरना-प्रदर्शन चल रहा था।

रायपुर में ‘दृश्य संवाद 2026’ का शुभारंभ

विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर रायपुर में फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है। रायपुर प्रेस क्लब के ‘दृश्य संवाद 2026’ का आज शुभारंभ होगा। 19 से 21 अगस्त तक घासीदास संग्रहालय में फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल दोपहर 12 बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!