पेपर लीक पर सख्त प्रहार: युवाओं के भविष्य की सुरक्षा का नया कानून

लोकसभा से पारित संशोधन विधेयक का भाजपा ने किया स्वागत, कहा— परीक्षा माफिया पर अब कसेगा कानून का शिकंजा
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // लोकसभा द्वारा लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पारित किए जाने के बाद परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर नई उम्मीद जगी है। भाजपा बिलासपुर शहर जिला मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय ने इस विधेयक का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल कानून में संशोधन नहीं, बल्कि लाखों मेहनती युवाओं के भविष्य की सुरक्षा का मजबूत संकल्प है। उन्होंने कहा कि वर्षों से पेपर लीक, संगठित नकल और परीक्षा माफियाओं ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों को चोट पहुंचाई है, लेकिन अब ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई का रास्ता और मजबूत होगा।
परीक्षा माफियाओं पर कसेगा शिकंजा:
दुर्गेश पाण्डेय ने कहा कि संशोधित विधेयक के माध्यम से पेपर लीक, संगठित नकल और परीक्षा में अनुचित साधनों के उपयोग जैसे अपराधों के विरुद्ध कठोर दंड, त्वरित जांच और शीघ्र न्याय की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया गया है। साथ ही तकनीक के दुरुपयोग और संगठित गिरोहों पर नियंत्रण के लिए भी मजबूत प्रावधान किए गए हैं।
पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था को मिलेगा बल:
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी मेहनत और प्रतिभा के आधार पर सफलता प्राप्त करना चाहता है। निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली ही योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार दिला सकती है। यह विधेयक शिक्षा व्यवस्था में ईमानदारी, पारदर्शिता और विश्वास को और मजबूत करेगा।
प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगी सफलता की कसौटी:
भाजपा मीडिया सहप्रभारी ने कहा कि इस कानून की वास्तविक सफलता उसके निष्पक्ष और प्रभावी क्रियान्वयन में निहित है। यदि इसे पूरी सख्ती से लागू किया गया तो पेपर लीक और परीक्षा में होने वाली धांधली पर स्थायी अंकुश लगेगा तथा देश की परीक्षा प्रणाली अधिक विश्वसनीय और युवाओं के हितों के अनुरूप बन सकेगी।



