पीएम किसान की 23वीं किस्त आज जारी: 9.44 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचेंगे 18,880 करोड़ रुपये

पश्चिम बंगाल के हुगली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे राशि जारी, किसानों को मिलेगी 2-2 हजार रुपये की आर्थिक सहायता
नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan Samman Nidhi) योजना के तहत देश के करोड़ों किसानों का इंतजार आज समाप्त होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जाएगी।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की प्रमुख किसान कल्याणकारी योजनाओं में शामिल है, जिसके तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि 2-2 हजार रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाती है।
अब तक 4.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता
योजना के तहत अब तक 22 किस्तों के माध्यम से किसानों को 4.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। आज जारी होने वाली 23वीं किस्त वित्त वर्ष 2026-27 की पहली किस्त होगी। इससे पहले पिछली किस्त 13 मार्च को जारी की गई थी।
पश्चिम बंगाल के किसानों को भी मिलेगा लाभ
23वीं किस्त के तहत पश्चिम बंगाल के 44.42 लाख से अधिक किसानों के खातों में लगभग 885 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी। कृषि कार्यों के लिए बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य आवश्यक संसाधनों की खरीद में यह राशि किसानों के लिए महत्वपूर्ण सहायता साबित होगी।
मानसून सीजन में मिलेगी राहत
मानसून की शुरुआत के साथ किसानों को खेती-किसानी के कार्यों के लिए नकद राशि की आवश्यकता बढ़ जाती है। ऐसे समय में जारी होने वाली यह किस्त किसानों को खरीफ फसल की तैयारियों में आर्थिक संबल प्रदान करेगी। केंद्र सरकार ने देश के 197 ऐसे जिलों की पहचान भी की है, जहां कम वर्षा या सूखे की आशंका बनी हुई है।
ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
किसान घर बैठे अपनी किस्त की स्थिति और लाभार्थी सूची की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
- पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- Beneficiary List या Beneficiary Status विकल्प चुनें।
- राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव की जानकारी दर्ज करें।
- सूची में अपना नाम और भुगतान की स्थिति देखें।
पश्चिम बंगाल दौरे पर रहेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वे पीएम किसान की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इसके अलावा वे ‘पश्चिम बंग दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा विभिन्न केंद्रीय योजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण भी करेंगे।



