बिलासपुर संभाग

कबाड़ कारोबार की आड़ में चल रही थी दबंगई, पुलिस की दबिश पड़ते ही निकली सारी हेकड़ी

युवक को बंधक बनाकर मारपीट और वाहन लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपियों की तलाश जारी

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // इलाके में रसूख और दबंगई का रौब झाड़ने वाले आरोपियों की हेकड़ी आखिरकार पुलिस कार्रवाई के सामने धरी रह गई। कबाड़ कारोबार से जुड़े विवाद में युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और टाटा पिकअप वाहन लूटने के मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने लूटा गया वाहन भी बरामद कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में कबाड़ कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब कुछ लोगों ने मिलकर एक युवक को कथित तौर पर अपनी कबाड़ी दुकान में बंधक बना लिया। आरोप है कि युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने जबरन उसका टाटा पिकअप वाहन भी अपने कब्जे में ले लिया।

मामले की शिकायत मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मोहम्मद फिरोज और अब्दुल सफीर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से लूटा गया टाटा पिकअप वाहन भी बरामद कर लिया है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अब्दुल सफीर का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसका नाम पूर्व में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में सामने आ चुका है तथा वह जेल भी जा चुका है। क्षेत्र में लंबे समय से उसकी गतिविधियों को लेकर चर्चाएं होती रही हैं।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुंडागर्दी, रंगदारी और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं और जल्द ही मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!