मध्यप्रदेश

मुरैना रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा: आग की अफवाह के बाद पटरी पर उतरे यात्री, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 4 की मौत

कई घायल, रेलवे ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश

मुरैना ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा के पास रविवार को एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा हो गया। खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने की अफवाह फैलने के बाद घबराकर ट्रेन से नीचे उतरे यात्री दूसरी दिशा से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया।

आग की अफवाह और चेन पुलिंग ने बिगाड़ी स्थिति

जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने की अफवाह फैल गई। अफवाह के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर दी। इसके चलते ट्रेन हेतमपुर और धौलपुर रेलवे स्टेशन के बीच रुक गई।

दूसरी पटरी पर पहुंचे यात्री, सामने आ गई पातालकोट एक्सप्रेस

ट्रेन रुकते ही कई यात्री घबराकर नीचे उतर गए और पास की दूसरी रेलवे लाइन की ओर चले गए। इसी दौरान गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस तेज गति से वहां से गुजर रही थी। पटरी पर मौजूद यात्री उसकी चपेट में आ गए। हादसे में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।

मौके पर पहुंची राहत और बचाव टीम

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर स्थिति को नियंत्रित किया।

रेलवे ने दिए जांच के आदेश

उत्तर मध्य रेलवे ने घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी किए हैं। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की अफवाह को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में अफवाहों पर विश्वास न करें तथा बिना अनुमति रेलवे ट्रैक पर न उतरें। सुरक्षा नियमों का पालन ही ऐसे हादसों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!