रायपुर संभाग

जशपुर का 75 साल पुराना इंतजार खत्म: पहली बार रेल मानचित्र पर आएगा जिला, केंद्र ने दी नई रेल लाइन को मंजूरी

धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा रेल परियोजना अधिसूचित, विकास और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे

रायपुर (शिखर दर्शन) // जशपुर जिले के विकास इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। भारत सरकार के रेल मंत्रालय ने धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित कर दिया है। इसके साथ ही पहली बार जशपुर जिला सीधे राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ने जा रहा है। इस ऐतिहासिक फैसले से क्षेत्र में विकास, रोजगार, पर्यटन और व्यापार की नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।

लगभग 291.881 किलोमीटर लंबी यह महत्वाकांक्षी रेल लाइन रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से शुरू होकर जशपुर जिले के पत्थलगांव होते हुए झारखंड के लोहरदगा तक पहुंचेगी। रेल मंत्रालय द्वारा भारत के राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित किए जाने के बाद परियोजना औपचारिक रूप से प्रभावी हो गई है।

दशकों पुरानी मांग हुई पूरी

जशपुर जिला अब तक रेल संपर्क से वंचित रहा है। परिवहन के लिए सड़क मार्ग पर निर्भरता के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और रोजगार की तलाश में बाहर जाने वाले युवाओं को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता रहा है। नई रेल लाइन के निर्माण से जिले की कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक बदलाव आएगा और लोगों को सस्ती, सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध होगी।

किसानों और व्यापारियों को मिलेगा बड़ा लाभ

रेल संपर्क स्थापित होने के बाद जशपुर के कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादों को देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। जैविक खेती, सुगंधित धान, मक्का, दलहन, सब्जियां और बागवानी उत्पादों के लिए प्रसिद्ध इस क्षेत्र के किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी। परिवहन लागत कम होने से स्थानीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी मजबूत होगी।

पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार

प्राकृतिक सौंदर्य, जलप्रपातों, धार्मिक स्थलों और घने वन क्षेत्रों के लिए प्रसिद्ध जशपुर में रेल पहुंचने से पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यवसायों को भी सीधा लाभ मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक आसान पहुंच

नई रेल लाइन विद्यार्थियों के लिए बड़े शिक्षा संस्थानों तक पहुंच आसान बनाएगी। वहीं गंभीर मरीजों को बड़े शहरों के अस्पतालों तक जल्दी पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। इससे शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता दोनों में सुधार आने की उम्मीद है।

रोजगार और निवेश का बनेगा नया केंद्र

परियोजना के निर्माण और संचालन से हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर पैदा होंगे। बेहतर परिवहन सुविधाओं के कारण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और जशपुर विकास की मुख्यधारा से तेजी से जुड़ सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के लिए भी विशेष उपलब्धि

यह परियोजना मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर के लिए विशेष महत्व रखती है। लंबे समय से क्षेत्र की जनता रेल संपर्क की मांग कर रही थी, जो अब साकार होने की दिशा में निर्णायक चरण में पहुंच गई है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह रेल लाइन आने वाले वर्षों में जशपुर की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली आधारभूत संरचना साबित होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!