बिलासपुर संभाग

एसईसीएल नारी राग-रंग महोत्सव 2026 का भव्य समापन, महिलाओं की प्रतिभा को मिला सशक्त मंच

दो दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, विजेताओं को किया गया सम्मानित

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘एसईसीएल नारी राग-रंग महोत्सव 2026’ का शनिवार को एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर में भव्य समापन हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन रहे। कार्यक्रम में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास सहित श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षगण श्रीमती अनीता फ्रैंकलिन, श्रीमती इप्सिता दास एवं श्रीमती शुभश्री महापात्र विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

महोत्सव के दूसरे दिन समूह गायन, समूह नृत्य, स्टैंड-अप कॉमेडी, मिमिक्री तथा नाटक-स्किट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे समारोह को उत्साह और उमंग से भर दिया।

महिलाओं की प्रतिभा को मिलेगा निरंतर प्रोत्साहन

इस अवसर पर अपने संबोधन में एसईसीएल सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि नारी राग-रंग महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनके आत्मविश्वास को नई पहचान देना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों के उत्साह और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने साबित कर दिया है कि यह आयोजन अपने उद्देश्य में पूरी तरह सफल रहा है। भविष्य में भी महिलाओं की प्रतिभा, सृजनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

विजेताओं और निर्णायकों का हुआ सम्मान

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम के सफल संचालन और प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन में योगदान देने वाले निर्णायकों का भी सम्मान किया गया।

आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति को मिली नई ऊर्जा

दो दिवसीय इस महोत्सव ने महिलाओं को अपनी कला, प्रतिभा और सृजनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराया। आयोजन ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देने के साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्याएं, एसईसीएल कर्मचारी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!