व्यापार

बिटकॉइन में बड़ी गिरावट से निवेशकों में हलचल: 2 साल के निचले स्तर पर पहुंची सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी

आधी कीमत गंवाने के बाद 60 हजार डॉलर के नीचे फिसला बिटकॉइन, निवेशकों के सामने Buy, Hold या Exit का सवाल

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // वैश्विक क्रिप्टो बाजार में एक बार फिर भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन पिछले वर्ष के अपने लगभग 1.26 लाख डॉलर के ऑलटाइम हाई से करीब आधी कीमत खोने के बाद अब 60 हजार डॉलर के अहम स्तर से भी नीचे पहुंच गई है। करीब दो वर्षों में पहली बार बिटकॉइन इस स्तर तक फिसला है, जिससे निवेशकों के बीच चिंता बढ़ गई है।

क्यों आई बिटकॉइन में इतनी बड़ी गिरावट ?

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार बिटकॉइन में हालिया गिरावट के पीछे कई कारण जिम्मेदार हैं। बड़े संस्थागत निवेशक अब क्रिप्टो से मुनाफा निकालकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रक्षा, ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ा रहे हैं। इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता और वैश्विक निवेशकों की सतर्कता ने भी बाजार पर दबाव बनाया है।

बड़े निवेशकों की मुनाफावसूली का असर

विश्लेषकों का मानना है कि लंबे समय से तेजी के बाद कई बड़े निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी है। इसी वजह से बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ा और बिटकॉइन की कीमत तेजी से नीचे आ गई। सोने और अन्य सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर निवेशकों का झुकाव भी क्रिप्टो बाजार पर असर डाल रहा है।

आने वाले कुछ दिन होंगे बेहद महत्वपूर्ण

विशेषज्ञों का कहना है कि अब बाजार की नजर 60,000 से 62,000 डॉलर के स्तर पर टिकी हुई है। यदि बिटकॉइन इस दायरे में खुद को स्थिर रखने में सफल रहता है तो बाजार में निवेशकों का भरोसा फिर लौट सकता है। वहीं यदि गिरावट जारी रहती है तो आगे और दबाव देखने को मिल सकता है।

क्या करें निवेशक ?

क्रिप्टो विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की गिरावट बाजार का सामान्य हिस्सा है। ऐसे समय में घबराकर निवेश निकालने की बजाय सोच-समझकर निर्णय लेना चाहिए। नियमित और चरणबद्ध निवेश की रणनीति अपनाने वाले निवेशकों के लिए SIP मॉडल बेहतर विकल्प माना जा रहा है, जिससे खरीद की औसत लागत संतुलित रहती है।

नए निवेशकों के लिए क्या है सलाह ?

विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि नए निवेशक अपने कुल निवेश पोर्टफोलियो का केवल 2 से 5 प्रतिशत हिस्सा ही क्रिप्टोकरेंसी में लगाएं। साथ ही अपेक्षाकृत स्थिर और लोकप्रिय डिजिटल संपत्तियों, विशेषकर बिटकॉइन, को प्राथमिकता दें। बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच जोखिम प्रबंधन और दीर्घकालिक दृष्टिकोण को सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!