रायपुर संभाग

साय कैबिनेट की अहम बैठक आज: धान नीलामी पर मुहर संभव, ‘बस्तर 2.0’ पर मंथन, कांग्रेस ने जेम पोर्टल खरीदी की जांच उठाई

नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में सीएम की मौजूदगी, कवि सम्मेलन समेत कई बड़े आयोजन आज

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज होने वाली कैबिनेट बैठक पर प्रदेश की नजरें टिकी हैं। मंत्रालय स्थित महानदी भवन में सुबह 11:30 बजे प्रस्तावित इस बैठक में धान सरप्लस की नीलामी के निर्णय पर अंतिम मुहर लग सकती है। इसके साथ ही बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद पर नियंत्रण के बाद ‘बस्तर 2.0’ प्रोजेक्ट को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है, जो क्षेत्र के विकास की दिशा तय कर सकती है।

सीएम साय का व्यस्त कार्यक्रम, कई आयोजनों में करेंगे शिरकत

मुख्यमंत्री साय आज दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। कैबिनेट बैठक के बाद दोपहर 1:30 बजे वे 515 पैक्स नवीन सोसायटी का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 3:15 बजे डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में शामिल होकर महिला सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाएंगे।

जेम पोर्टल खरीदी पर सियासत तेज, कांग्रेस ने उठाए सवाल

प्रदेश में जेम पोर्टल के माध्यम से की गई सरकारी खरीदी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए सभी खरीदी की जांच की मांग की है। पार्टी का कहना है कि प्रभावशाली नेताओं द्वारा अपने चहेते सप्लायरों को लाभ पहुंचाने और कमीशनखोरी के आरोप सामने आ रहे हैं। कांग्रेस ने इस पूरे मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जांच की मांग उठाई है।

डॉ. सुरेन्द्र दुबे की स्मृति में आज विराट कवि सम्मेलन

शहर में सांस्कृतिक आयोजन भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। छत्तीसगढ़ प्रगतिशील ब्राह्मण समाज द्वारा डंगनिया स्थित श्री परशुराम मंदिर के वार्षिकोत्सव के अवसर पर आज शाम 7 बजे हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम पद्मश्री स्वर्गीय डॉ. सुरेन्द्र दुबे की स्मृति को समर्पित रहेगा।

धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की भी धूम

शहर में आज विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। विवेकानंद नगर स्थित श्रीसंभवनाथ जिनालय में सुबह से स्नात्रपूजा, नवग्रह पूजन और भूमिपूजन के कार्यक्रम होंगे। वहीं शांतिनगर स्थित विमतारा भवन में जेसीआई संगठन का शपथ ग्रहण समारोह शाम 7 बजे से आयोजित किया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!