गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में बड़ा रेल हादसा टला, मालगाड़ी दो हिस्सों में बंटी

पेंड्रारोड स्टेशन के पास कोयला लदी ट्रेन की कपलिंग टूटी, लोको पायलट की सूझबूझ से बचा बड़ा हादसा
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही (शिखर दर्शन) // बिलासपुर-कटनी रेल सेक्शन पर रविवार शाम उस समय बड़ा हादसा टल गया जब पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन के पास कोयले से लदी एक मालगाड़ी अचानक दो हिस्सों में बंट गई।
जानकारी के अनुसार, Bilaspur–Katni Railway Line पर चल रही यह मालगाड़ी पेंड्रारोड और वेंकटनगर स्टेशन के बीच खैरझीटी बैरियर के पास पहुंची ही थी कि कपलिंग अचानक टूट गई। इसके चलते इंजन से जुड़े करीब 25 डिब्बे अलग होकर पीछे छूट गए।
हालांकि, लोको पायलट की सतर्कता और सूझबूझ के चलते समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए गए, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया। यदि समय पर नियंत्रण नहीं लिया जाता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद डिब्बों को दोबारा जोड़ा गया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कपलिंग टूटने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल मरम्मत के बाद मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना कर दिया गया है और इस रूट पर रेल संचालन सामान्य बताया जा रहा है।



