लाड़ली बहनों पर सरकार मेहरबान , 1836 करोड़ किए ट्रांसफर

मंच से कांग्रेस पर बरसे सीएम मोहन यादव, ‘वंदे मातरम’ पर सियासी हमला !
भोपाल/सीहोर (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 12 अप्रैल को आष्टा में आयोजित ‘महिला सशक्तिकरण सम्मेलन’ में 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की। इस दौरान उन्होंने करीब 184 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने आष्टा में रोड शो किया और स्कूली बच्चियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ‘वंदे मातरम’ को लेकर कहा कि यह देशभक्ति का प्रतीक है और इसे धर्म के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर भी राजनीति कर रही है।
मुख्यमंत्री ने राम मंदिर के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मंदिर निर्माण में अड़ंगे लगाए और बाद में सवाल खड़े किए। उन्होंने विपक्षी नेताओं से पूछा कि मंदिर बनने के बाद वे दर्शन करने क्यों नहीं गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इस दौरान उन्होंने सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का भी जिक्र किया—
- 4 लाख से अधिक छात्रों को साइकिल दी जा रही है
- मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और टॉपर्स को स्कूटी दी जा रही है
- 65 लाख से अधिक महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हैं
कार्यक्रम में आष्टा क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी की गईं, जिनमें आईटीआई की स्थापना, कन्या छात्रावास निर्माण, नहर और बैराज निर्माण, शहरी सौंदर्यीकरण और स्कूल भवन निर्माण शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी ऐसी योजनाएं जारी रहेंगी।



