टीचर के थप्पड़ से छात्र के कान खराब, लंबे इंतजार के बाद एक गिरफ्तार, दूसरी फरार

7वीं के छात्र के साथ मारपीट का मामला, 9 महीने बाद पुलिस ने की कार्रवाई
डोंगरगढ़ / राजनांदगांव (शिखर दर्शन) // डोंगरगढ़ के खालसा पब्लिक स्कूल में छात्र के साथ मारपीट के बहुचर्चित मामले में आखिरकार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरी आरोपी अब भी फरार है।
करीब 9 महीने पहले कक्षा 7वीं के छात्र सार्थक सहारे के साथ हुई घटना ने उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। आरोप है कि मामूली देरी पर शिक्षिकाओं ने उसके दोनों कानों पर जोरदार थप्पड़ मारे, जिससे उसकी सुनने की क्षमता गंभीर रूप से प्रभावित हो गई।
मामूली देरी बनी जिंदगी का दर्द
जानकारी के मुताबिक, क्लास टीचर नम्रता साहू की शिकायत पर इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह कक्षा में पहुंचीं और गुस्से में छात्र को थप्पड़ मार दिए। इसके बाद बच्चे ने घर पहुंचकर सुनाई न देने की शिकायत की, जिसके बाद मेडिकल जांच में गंभीर चोट की पुष्टि हुई।
9 महीने बाद कार्रवाई
पीड़ित के पिता की शिकायत के बाद मामला थाने पहुंचा, लेकिन कार्रवाई में लंबा समय लग गया। आखिरकार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच तेज हुई और प्रियंका सिंह को 11 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दूसरी आरोपी अब भी फरार
मामले में दूसरी शिक्षिका नम्रता साहू अब भी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
उठे कई बड़े सवाल
यह मामला केवल एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन के नाम पर हो रही सख्ती पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या उस मासूम को समय पर न्याय मिल पाएगा और क्या ऐसे मामलों में भविष्य में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



