आने वाली है चिलचिलाती गर्मी, 14 अप्रैल के बाद ग्रीष्म लहर के आसार

तापमान में तेजी से बढ़ोतरी, कई जिलों में 42 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में अब गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में प्रचंड गर्मी पड़ने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने 14 अप्रैल के बाद कई क्षेत्रों में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटे में राजधानी का तापमान करीब 1 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। आने वाले दिनों में तापमान में लगभग 4 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है, जिससे पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। आसमान साफ होने के कारण धूप तेज हो गई है। फिलहाल तापमान सामान्य से थोड़ा कम है, लेकिन इसमें लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रायपुर का अधिकतम तापमान 37 से बढ़कर 38 डिग्री तक पहुंच चुका है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान 38.4°C दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 14.0°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। कहीं भी बारिश की गतिविधि नहीं हुई।
सक्रिय सिस्टम
दक्षिण छत्तीसगढ़ से लेकर विदर्भ, मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु तक एक उत्तर-दक्षिण गर्त के रूप में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका असर मौसम पर पड़ रहा है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।



