महाकाल की शरण में पहुंचीं टीवी स्टार सुहासी धामी, भस्म आरती में हुई भावविभोर

उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर लिया आशीर्वाद, बोलीं— “यह अनुभव अविस्मरणीय”

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // उज्जैन में आज प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री सुहासी धामी ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने बाबा महाकाल की सुप्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की और रजत द्वार से दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे गहरी आस्था में लीन नजर आईं।
सुहासी धामी गुरुवार को उज्जैन पहुंचीं, जहां उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दिव्य दर्शन किए। आरती के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा की। मंदिर समिति द्वारा उनका स्वागत भी किया गया।
दर्शन के बाद सुहासी ने कहा कि महाकाल मंदिर का वातावरण बेहद आध्यात्मिक और भव्य है। उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इतनी भीड़ के बावजूद सब कुछ बहुत सुव्यवस्थित रहा, जो उनके लिए सुखद अनुभव रहा।
गौरतलब है कि सुहासी धामी छोटे पर्दे का जाना-माना चेहरा हैं। उन्हें खासतौर पर ‘यहां मैं घर-घर खेली’ में स्वर्ण आभा और ‘देवों के देव… महादेव’ में माता पार्वती के किरदार से पहचान मिली। इसके अलावा उन्होंने कई लोकप्रिय धारावाहिकों और दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी अपने अभिनय का प्रभाव छोड़ा है।



